
शादी का झांसा देकर किशोरी को ले जाने का आरोपी गिरफ्तार
अतरौलिया बस स्टैंड से किशोरी सकुशल बरामद, पवई पुलिस ने की कार्रवाई
पवई/आजमगढ़। थाना पवई क्षेत्र से घर से निकली किशोरी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने किशोरी को अतरौलिया बस स्टैंड से सकुशल बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र की एक किशोरी नौ अप्रैल 2026 को घर से बाहर जाने की बात कहकर निकली थी। देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद 13 अप्रैल को परिजनों की तहरीर पर थाना पवई में मुकदमा अपराध संख्या 88/2026 के तहत धारा 87 व 137(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस किशोरी की तलाश में लगातार जुटी थी। मंगलवार को उपनिरीक्षक लालबहादुर बिंद पुलिस टीम के साथ सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अतरौलिया बस स्टैंड पहुंचे। वहां से मुकदमे से संबंधित किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मौके से आरोपी राजमणि शर्मा (24) निवासी जनपद सुल्तानपुर को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक मामले में धारा 137(2), 87, 64(1) बीएनएस तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।