
धर्मशाला: पुलिस हिरासत से फरार NDPS आरोपी पंजाब से गिरफ्तार, दो दिन से चल रही थी तलाश
कांगड़ा पुलिस ने पुलिस हिरासत से फरार हुए आरोपी आर्यन देव उर्फ रेम्बो को पंजाब के बलौंगी से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 8 सितंबर को थाना बैजनाथ में दर्ज NDPS Act के मामले में गिरफ्तारी के बाद उसी दिन पुलिस हिरासत से फरार हो गया था।
जानकारी के अनुसार थाना बैजनाथ में 8 सितंबर 2026 को अभियोग संख्या 95/2026 के तहत धारा 20 व 29 NDPS Act में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने आर्यन देव उर्फ रेम्बो, निवासी गांव उआरना, डाकघर कंडी, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा, उम्र 20 वर्ष को विधिवत गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी उसी दिन पुलिस हिरासत से फरार हो गया, जिसके बाद जिला कांगड़ा पुलिस ने उसकी तलाश के लिए तत्काल व्यापक अभियान शुरू किया। पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों और आवाजाही के संबंध में विभिन्न माध्यमों से जानकारी जुटाई और लगातार निगरानी एवं तलाश जारी रखी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के दौरान आरोपी की लोकेशन पंजाब के बलौंगी में ट्रेस की गई, जिसके बाद उसे वहां से सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को नियमानुसार अपनी अभिरक्षा में ले लिया है और अब मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।