
नवीन सिंह हत्याकांड की जांच को मगध IG ने SIT का किया गठन, 9 सदस्यीय टीम करेगी जांच।
औरंगाबाद जिले के देव थाना क्षेत्र के दीवान बिगहा गांव निवासी नवीन सिंह हत्याकांड मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस चर्चित हत्याकांड के राजफाश और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मगध रेंज के IG विकास वैभव ने विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया है।
*9 सदस्यीय SIT, SDPO के नेतृत्व में जांच*
यह SIT मदनपुर SDPO आदित्य कुमार के नेतृत्व में 9 सदस्यों की होगी। टीम में टीम प्रभारी SDPO आदित्य कुमार के अलावा मदनपुर अंचल पुलिस निरीक्षक गोपाल सिंह, देव थानाध्यक्ष कुमार सौरभ, ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार, देव थाने की SI रूबी कुमारी, मुफस्सिल थाने की SI नितु कुमारी, नगर थाने के SI रितेश उपाध्याय, DIU सेल प्रभारी चंद्रहास सिंह और DIU सेल के सिपाही मुन्ना कुमार साह शामिल हैं।
*2023 में कुएं से मिला था शव, हादसा समझ रही थी पुलिस*
पुलिस के अनुसार, नवीन सिंह पिता भरत सिंह का शव वर्ष 2023 में गांव के एक कुएं से बरामद हुआ था। उस समय पुलिस ने इसे कुएं में गिरने से हुई मौत मानकर मामला बंद कर दिया था। लेकिन परिवार लगातार इसे हत्या बता रहा था।
परिवार ने वरीय अधिकारियों को आवेदन दिया, जिसके बाद 20 मई 2025 को देव थाना पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत कांड संख्या 126/2025 दर्ज कर जांच शुरू की।
*कार्रवाई न होने पर परिवार IG से मिला*
अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर नवीन के परिवार ने मगध IG से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए IG ने विशेष टीम गठित कर जांच तेज करने का निर्देश दिया।
*IG ने दिए सख्त निर्देश*
IG ने SIT को निर्देश दिया है कि हत्या में संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता दी जाए। टीम स्थानीय पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों का विश्लेषण करेगी।
साथ ही IG ने SP को मामले की अनुसंधान की समीक्षा करने और उसकी प्रगति से हर 24 घंटे में पुलिस महानिरीक्षक को अवगत कराने का निर्देश दिया है। इससे लंबे समय से लंबित इस हत्याकांड की जांच में तेजी आने की उम्मीद है।