
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां एवं पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का बुधवार को निधन हो गया। उन्होंने रांची के बरियातू रोड स्थित हिल व्यू अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही सोरेन परिवार, झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
रूपी सोरेन लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। सितंबर महीने में तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रांची के हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उनका इलाज हैदराबाद में भी कराया गया था। पिछले कुछ दिनों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई थी।
बुधवार को उनकी हालत अचानक गंभीर हो गई थी। चिकित्सकों ने उन्हें जीवनरक्षक प्रणाली पर रखा था। मां की गंभीर स्थिति की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
रूपी सोरेन की गंभीर तबीयत को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बुधवार के कई निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। वहीं, प्रस्तावित कैबिनेट बैठक को भी स्थगित कर दिया गया था। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही थी, लेकिन उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
रूपी सोरेन करीब 80 वर्ष की थीं। उनके निधन से सोरेन परिवार को एक और गहरा पारिवारिक आघात लगा है। इससे पहले उनके पति और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का 4 अगस्त 2025 को निधन हुआ था।
रूपी सोरेन के निधन की खबर के बाद झामुमो नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने शोक व्यक्त किया। लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
#RupiSoren #RupiSorenDeath #HemantSoren #ShibuSoren #Jharkhand #Ranchi #JMM #JharkhandNews #RanchiNews #HemantSorenMother #SorenFamily #BreakingNews #JharkhandPolitics #ChhotanagpurLive