
युवा स्वयंसेवक इंडक्शन प्रशिक्षण के छठे एवं अंतिम दिवस का सफल समापन
मेरा युवा भारत (MY Bharat), चंबा द्वारा युवा छात्रावास, डलहौजी में आयोजित छह दिवसीय आवासीय युवा स्वयंसेवक इंडक्शन प्रशिक्षण का आज छठे एवं अंतिम दिवस सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को युवा नेतृत्व, फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण, भावनात्मक बुद्धिमत्ता, लोकतांत्रिक सहभागिता एवं सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्रदान की गई।
अंतिम दिवस की शुरुआत नशा मुक्ति विषय पर जागरूकता सत्र के साथ हुई। श्री मंगल सिंह जी ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों तथा नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात जिला युवा अधिकारी किन्नौर श्री शुभम चंद्रन जी तथा जिला युवा अधिकारी चंबा श्री राहुल गर्ग जी ने करियर मार्गदर्शन विषय पर सत्र लिया। उन्होंने स्वयंसेवकों को विभिन्न करियर विकल्पों, कौशल विकास तथा भविष्य की संभावनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की और युवाओं को अपने लक्ष्यों के प्रति सजग एवं निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद प्रशिक्षण का समापन एवं वेलिडिक्टरी सत्र आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि डीएसपी डलहौजी श्री मयंक शर्मा जी ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा प्रशिक्षण में भाग लेने वाले सभी युवा स्वयंसेवकों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर श्री मयंक शर्मा जी ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए युवाओं को अनुशासन, जिम्मेदारी एवं सकारात्मक सोच के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
छह दिवसीय प्रशिक्षण ने स्वयंसेवकों को नेतृत्व, व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जागरूकता, फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण, करियर मार्गदर्शन एवं सामुदायिक सहभागिता जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर सीखने और अपने कौशल को विकसित करने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए MY Bharat चंबा की पूरी टीम, युवा छात्रावास डलहौजी के स्टाफ, प्रशिक्षकों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। प्रशिक्षण के समापन के साथ स्वयंसेवकों ने MY Bharat के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने तथा समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
Chamba, Chamba | Aug 22, 2026