
#नगरीय_निकाय_चुनाव_2026___________
#असामाजिक_तत्वों_पर_प्रभावी_निगरानी_एवं_आवश्यक_निरोधात्मक_कार्रवाई_के_निर्देश_______
#डीग______नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के दौरान जिले में शांतिपूर्ण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला कलक्टर मयंक मनीष ने असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेश अनुसार आम चुनाव के दौरान कुछ समाजकंटक एवं असामाजिक तत्व समाज में भय एवं आतंक का वातावरण पैदा करने का प्रयास करते हैं। ऐसे तत्वों के विरुद्ध समय रहते प्रभावी कार्रवाई किया जाना आवश्यक है। आदेश में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 एवं अन्य सुसंगत विधिक प्रावधानों के तहत आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
#इन_श्रेणियों_पर_विशेष_निगरानी_के_निर्देश_______
नगरीय निकाय चुनाव के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष रूप से निम्न श्रेणियों के असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं जो हाल ही में किसी आपराधिक प्रकरण में जमानत पर छूटे हों या किसी उपद्रव में संलिप्त रहे हों या जिनकी आपराधिक पृष्ठभूमि रही हो या जिनके विरुद्ध गुण्डा एक्ट के अंतर्गत प्रकरण विचाराधीन हों, जिले के समस्त हिस्ट्रीशीटर, जिन्होंने किसी भी चुनाव में अशांति फैलाई हो एवं उनके विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज हुआ हो, ऐसे व्यक्तियों पर निगरानी रखी जाए जो हाल ही में अन्य जिले/राज्य से इस जिले में आकर रहने लगे हों, ऐसे व्यक्ति जिनसे नगरीय निकाय चुनाव के दौरान शांति भंग करने अथवा चुनाव प्रक्रिया में व्यवधान उत्पन्न करने की संभावना हो। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि उपरोक्त असामाजिक तत्वों की सूची अंतिम न होकर उदाहरण स्वरूप है। किसी स्थान विशेष की विशिष्ट पृष्ठभूमि अथवा घटनाक्रम के परिप्रेक्ष्य में अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध भी निरोधात्मक कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है।
प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को समन्वित कार्रवाई के निर्देश
जिला मजिस्ट्रेट ने जिले के समस्त प्रशासनिक अधिकारियों (कार्यपालक मजिस्ट्रेट) एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ऐसे समाजकंटकों को भारी प्रत्याभूतियों एवं मुचलकों से पाबंद करना सुनिश्चित करें, ताकि नगरीय निकाय चुनाव के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा आमजन में कानून व्यवस्था एवं निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति विश्वास कायम रखा जाए।