
रानीपुर टाइगर रिजर्व के सन्निकट विकसित हो रहे इको पर्यटन परियोजना के निर्माण कार्यों में तेजी लाने एवं श्रमिकों के पंजीकरण के निर्देश
पर्यटन विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा रानीपुर टाइगर रिजर्व के सन्निकट पर्यटन भूमि पर विकसित की जा रही इको पर्यटन विकास परियोजना का निर्माण कार्य संस्था द्वारा कराया जा रहा है। परियोजना की कुल स्वीकृत लागत ₹1367.89 लाख है तथा निर्माण कार्य माह सितम्बर, 2025 से प्रारम्भ होकर मार्च, 2027 तक पूर्ण किया जाना निर्धारित है।
परियोजना के अंतर्गत रिसेप्शन भवन, कॉटेज, मल्टीपरपज हॉल, रेस्टोरेंट, योग एवं मेडिटेशन सेंटर, प्रशासनिक भवन, टॉयलेट ब्लॉक, पार्किंग, ग्रीन पार्किंग, परगोला, बाउंड्रीवाल, आंतरिक एवं बाह्य विद्युतीकरण, जलापूर्ति व्यवस्था, सीवरेज प्रणाली, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सोलर सिस्टम, लैंडस्केपिंग, साइनेज, स्कल्पचर एवं अन्य पर्यटन सुविधाओं का निर्माण कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी, चित्रकूट द्वारा परियोजना की समीक्षा के दौरान निर्माण कार्यों में अपेक्षित गति लाने तथा सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्यों की प्रगति में तेजी लाने पर विशेष बल दिया।
साथ ही जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परियोजना में कार्यरत सभी श्रमिकों एवं कार्मिकों का नियमानुसार श्रम विभाग में पंजीकरण (लेबर रजिस्ट्रेशन) कराया जाए, जिससे वे शासन द्वारा संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याण योजनाओं एवं अन्य अनुमन्य लाभों का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि श्रमिकों का सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा कवच सुनिश्चित करना भी परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यदायी संस्था द्वारा अवगत कराया गया कि जिलाधिकारी के निर्देशों का अनुपालन करते हुए निर्माण कार्यों की प्रगति में तेजी लाई जाएगी तथा परियोजना में कार्यरत सभी पात्र श्रमिकों का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित कराया जाएगा।