
कचरे के ढेर में चला गया सोने का मंगलसूत्र, डस्टबिन में गलती से फेंका, नगर निगमकर्मी बने फरिश्ता
शहर के नगर निगम कर्मचारियों ने ईमानदारी और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। न्यू रामनगर इलाके में एक महिला का सोने का मंगलसूत्र गलती से घर के कचरे के साथ डस्टबिन में चला गया। कचरा उठाने वाली गाड़ी उसे लेकर गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन (GTS) तक पहुंच गई। जब महिला को अपनी गलती का पता चला तो वह घबराई हुई GTS पहुंची। वहां कर्मचारियों ने उसकी परेशानी समझी और कचरे के ढेर में काफी तलाश के बाद उसका कीमती मंगलसूत्र खोज निकाला।
कचरे के साथ गाड़ी में चला गया मंगलसूत्र
घटना शनिवार की बताई जा रही है। वाहन संख्या MDP 2281 न्यू रामनगर में रोज की तरह घर-घर कचरा एकत्र करने के लिए निकला था। वाहन चालक मोहित चौहान और हेल्पर हेमंत राजकुमार घरों से सूखा और गीला कचरा अलग-अलग एकत्र कर रहे थे।
जोन-04 के मुख्य सेनेटरी इंस्पेक्टर (CSI) विजय यादव के अनुसार, इसी दौरान एक महिला ने अपना रोजाना का कचरा गाड़ी में डाल दिया। इसके बाद वाहन अपने निर्धारित रूट से होते हुए संगम नगर स्थित गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन पहुंच गया।
महिला दौड़कर पहुंची GTS
GTS में कचरे की अनलोडिंग और छंटाई का काम शुरू हो चुका था। इसी दौरान महिला को पता चला कि उसका कीमती सोने का मंगलसूत्र गलती से डस्टबिन में चला गया है। वह तुरंत परेशान हालत में GTS पहुंची और कर्मचारियों को पूरी बात बताई।
तब तक उसके घर का कचरा इलाके के दूसरे कचरे के साथ मिल चुका था। ऐसे में इतने बड़े कचरे के ढेर में मंगलसूत्र तलाशना किसी चुनौती से कम नहीं था।
कर्मचारियों ने मिलकर खोज निकाला सोना
महिला की परेशानी देखकर निगम कर्मचारियों ने उसे वापस नहीं भेजा और मंगलसूत्र तलाशने में जुट गए। कचरा उठाने वाले चालक मोहित चौहान और हेल्पर हेमंत राजकुमार के साथ GTS के कर्मचारी अमर और गोविंद भी खोज में शामिल हो गए।
काफी तलाश के बाद कर्मचारियों ने सोने का मंगलसूत्र खोज निकाला और उसे बिना किसी लालच के महिला को वापस सौंप दिया। अपना कीमती जेवर सुरक्षित मिलने के बाद महिला की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
महिला ने निगम कर्मचारियों का जताया आभार
महिला ने नगर निगम के कर्मचारियों की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और तत्परता के लिए उनका दिल से आभार जताया और उनकी जमकर प्रशंसा की।
#Ramnagar #nagarnigamemployee #mangalsutra #garbagetruck