
नल-जल योजना का वाल्व खुला, 2 घंटे तक बहता रहा हजारों लीटर पानी; 50 फीट ऊंचा उठा फव्वारा
10 गांवों को सप्लाई होने वाला फिल्टर पानी खुले मैदान में बहकर हुआ बर्बाद, वन विभाग के पौधे भी उखड़े; जिम्मेदारों की लापरवाही पर उठे सवाल
सीधी। जिले के जनपद पंचायत रामपुर नैकिन अंतर्गत बघवार में शुक्रवार दोपहर नल-जल योजना की पाइपलाइन का वाल्व अचानक खुल जाने से हजारों लीटर पानी बर्बाद हो गया। दोपहर करीब 12 बजे हुई इस घटना में पानी का फव्वारा लगभग 50 फीट की ऊंचाई तक उठता दिखाई दिया। करीब दो घंटे तक लगातार पानी बहता रहा, लेकिन समय पर वाल्व बंद नहीं किया जा सका।
जानकारी के अनुसार, पाइपलाइन से निकलने वाला फिल्टर पानी क्षेत्र के करीब 10 गांवों में पेयजल आपूर्ति के लिए निर्धारित था। वाल्व खुलने के बाद पानी तेज धार के साथ खुले मैदान में बहने लगा और पहाड़ी रास्तों से होता हुआ दूर तक फैल गया। जिस स्वच्छ पानी को ग्रामीणों तक पहुंचना था, वह हजारों लीटर की मात्रा में यूं ही बर्बाद होता रहा।
तेज बहाव से उखड़े वन विभाग के पौधे
पानी का बहाव इतना तेज था कि आसपास वन विभाग द्वारा लगाए गए छोटे-बड़े पौधे भी इसकी चपेट में आ गए। कई स्थानों पर पौधे उखड़ते हुए दिखाई दिए। घटना के दौरान पानी का फव्वारा करीब 50 फीट ऊपर तक उठ रहा था, जिसे देखकर लोग भी हैरान रह गए।
सूचना के बाद भी दो घंटे तक बहता रहा पानी
मामले में डिप्टी रेंजर बिन्नी आनंद ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने नल-जल योजना की टंकी से जुड़े कर्मचारियों को पानी बंद करने के लिए सूचित कर दिया था। इसके बावजूद कर्मचारियों द्वारा तत्काल पानी बंद नहीं किया गया, जिसके कारण करीब दो घंटे तक पानी बहता रहा।
इस घटना ने नल-जल योजना के संचालन और रखरखाव की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर 10 गांवों को मिलने वाला फिल्टर पानी इस तरह बर्बाद होना जिम्मेदारों की निगरानी पर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।