
रेवाड़ी में पैसेंजर ट्रेन से अलग होकर इंजन आगे निकला:पीछे छूट गए डिब्बे; किशनगढ़-बालावास के पास टूटा कपलिंग हुक
रेवाड़ी में मंगलवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब श्रीगंगानगर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन का इंजन अचानक डिब्बों से अलग होकर आगे निकल गया। घटना किशनगढ़-बालावास रेलवे स्टेशन के बीच हुई, जहां कपलिंग हुक टूटने से इंजन और डिब्बों का संपर्क टूट गया। कुछ दूरी तक इंजन बिना डिब्बों के चलता रहा, जबकि डिब्बे रेलवे ट्रैक पर रुक गए।
बाद में लोको पायलट को इसका पता चला तो वह इंजन को वापस लेकर आया और डिब्बों को दोबारा जोड़कर ट्रेन को रवाना किया गया। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
कुछ दूरी आगे जाने के बाद लोको पायलट को इंजन के डिब्बों से अलग होने का अहसास हुआ। इसके बाद वह इंजन को रिवर्स कर वापस डिब्बों के पास लाया। रेलवे कर्मचारियों ने दोबारा कपलिंग जोड़ने के बाद ट्रेन को श्रीगंगानगर के लिए रवाना कर दिया।
रेलवे अधिकारियों ने साधी चुप्पी
घटना के संबंध में स्टेशन मास्टर सतबीर सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं जीआरपी थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि कपलिंग हुक टूटने के कारण इंजन डिब्बों से अलग हो गया था। समय रहते स्थिति का पता चलने पर इंजन वापस लाकर डिब्बों को जोड़ दिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। संयोगवश उस समय ट्रैक पर कोई दूसरी ट्रेन या मालगाड़ी नहीं थी, जिससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया।
Rewari, Rewari | Jun 30, 2026