बस किराए को लेकर भड़के कॉलेज छात्र, दो घंटे किया चक्काजाम
नौगांव। शासकीय पीएम श्री बापू महाविद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को बस किराया कम करने की मांग को लेकर छतरपुर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग और नौगांव-पलेरा-टीकमगढ़ मार्ग पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम किया। प्रदर्शन के कारण दोनों मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानी हुई।
छात्रों का कहना है कि आसपास के 25 से 30 गांवों से करीब 1000 से 1500 विद्यार्थी रोजाना कॉलेज आते हैं। बस किराए में हालिया बढ़ोतरी से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। कई छात्र किराया अधिक होने के कारण कॉलेज नहीं आ पा रहे हैं।
विद्यार्थियों ने पहले एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा था। तत्काल समाधान नहीं मिलने पर वे सड़क पर उतर आए और नारेबाजी शुरू कर दी। छात्रों ने बस किराया आधा करने की मांग करते हुए जिला प्रशासन से जल्द राहत दिलाने की गुहार लगाई है।