
ऊना की बेटी डॉ. श्रुति बनीं सेवा की मिसाल, क्षेत्रीय अस्पताल में त्वचा रोग विशेषज्ञ के रूप में दे रहीं सेवाएं
ऊना
ऊना की बेटी और क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में त्वचा रोग विशेषज्ञ के रूप में सेवाएं दे रहीं डॉ. श्रुति अपनी संवेदनशीलता और सेवा भावना से मरीजों के बीच अलग पहचान बना रही हैं। चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी उच्च शिक्षा और विशेषज्ञता हासिल करने के बाद अपने ही शहर में लोगों की सेवा करना उनके लिए समर्पण का उदाहरण है।
सामाजिक कार्यों के दौरान अनेक जरूरतमंद मरीजों को डॉ. श्रुति के पास जांच एवं उपचार के लिए भेजा गया। मरीजों के प्रति उनका व्यवहार, उनकी समस्याओं को समझने का तरीका, चिकित्सकीय सलाह और उपचार को लेकर लोगों ने संतोष व्यक्त किया है।
डॉ. श्रुति की खासियत यह है कि वह केवल बीमारी के आधार पर उपचार नहीं करतीं, बल्कि मरीज की सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों को भी समझने का प्रयास करती हैं। जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ जहां संभव हो, अपनी ओर से भी सहयोग करने का प्रयास करती हैं।
ऊना की बेटी द्वारा अपने ही शहर में रहकर लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना क्षेत्रवासियों के लिए गर्व का विषय है। बेटियों की शिक्षा, प्रतिभा और मेहनत को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ जब वे अपनी योग्यता को मानव सेवा के लिए समर्पित करती हैं, तो यह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक बन जाता है।
डॉ. श्रुति की कार्यशैली यह संदेश देती है कि छोटे शहरों की बेटियां बड़े सपने देखने के साथ-साथ उन्हें साकार कर अपने कार्यों से समाज में अलग पहचान भी बना सकती हैं। उनकी मेहनत, संवेदनशीलता और सेवा भावना निश्चित रूप से सराहनीय है।