
प्रधानमंत्री आवास योजना से वैशाली में 28,381 परिवारों का पक्का घर का सपना साकार
हाजीपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वैशाली जिले में 28,381 परिवारों का पक्का घर का सपना साकार हुआ है। शुक्रवार को पटना के बापू सभागार से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का जिला स्तर पर समाहरणालय स्थित पुष्करणी सभागार में सीधा प्रसारण किया गया।
इस दौरान जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने आवास निर्माण पूरा कर चुके 50 लाभुकों को प्रतीकात्मक रूप से गृह प्रवेश के लिए आवास की चाबी एवं बधाई पत्र प्रदान किया। वहीं, 50 नवस्वीकृत लाभुकों को औपचारिक स्वीकृति पत्र दिया गया।
वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में वैशाली जिले के लिए निर्धारित 43,174 आवासों के लक्ष्य के विरुद्ध 43,076 लाभुकों को स्वीकृति दी गई है, जो लक्ष्य का 99.77 प्रतिशत है। इनमें 41,543 लाभुकों को प्रथम किस्त, 39,169 को द्वितीय किस्त तथा 31,109 लाभुकों को तृतीय किस्त का भुगतान किया जा चुका है। अब तक 28,381 लाभुकों ने आवास निर्माण पूरा कर लिया है।
जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने लाभुक परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि पक्का घर केवल ईंट और दीवारों से बना मकान नहीं, बल्कि परिवार के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने लाभुकों से घर को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
डीएम ने लाभुकों को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ लेकर अपने घरों पर सोलर पैनल लगवाने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाने से बिजली खर्च में बचत के साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। पात्र परिवारों को योजना के तहत सब्सिडी और बैंक ऋण की सुविधा उपलब्ध है।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में सूर्य घर योजना को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने तथा इच्छुक परिवारों को आवेदन, ऋण और सब्सिडी की प्रक्रिया में सहयोग देने का निर्देश दिया।
जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित कर आवास पूर्ण करने वाले लाभुकों को चाबी एवं बधाई पत्र तथा नवस्वीकृत लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। योजना के तहत पक्का आवास, शौचालय और सौर ऊर्जा को बढ़ावा मिलने से वैशाली में सुरक्षित आवास, स्वच्छता और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में विकास को गति मिल रही है।
#Vaishali #Hajipur #PMAYG #PradhanMantriAwasYojana #AwasYojana #PMAY #SuryaGharYojana #SolarEnergy #BiharNews #VaishaliNews #HajipurNews #Bihar #YoungIndiaNews