
चिकित्सकीय लापरवाही के आरोप में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने उठाई आवाज, थाना प्रभारी से निष्पक्ष जांच की मांग
सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सीनी पंचायत के सीनी ग्राम, बांदगोड़ा निवासी स्वर्गीय श्यामल मजूमदार की इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में कोल्हान अध्यक्ष नवीन महतो के नेतृत्व में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने पहल करते हुए निष्पक्ष जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। श्यामल मजूमदार की 16 जुलाई 2026 को इलाज के दौरान मौत हुई थी। मृतक के परिजनों ने डॉ. प्रकाश प्रजापति पर कथित चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार, घटना के बाद मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से परिवार में नाराजगी है। इसी को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी से मुलाकात कर पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
पार्टी की ओर से संबंधित चिकित्सक की मेडिकल डिग्री और मेडिकल लाइसेंस की वैधता की भी जांच कराने की मांग की गई। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने कहा कि जांच के दौरान यदि चिकित्सकीय लापरवाही या किसी प्रकार की अनियमितता प्रमाणित होती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
मौके पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के कोल्हान प्रमंडल अध्यक्ष नवीन महतो, कोल्हान वरीय उपाध्यक्ष अंकित महतो, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष राम प्रसाद महतो, निर्मल महतो, बीरेंद्र महतो, समीर महतो तथा मृतक के पिता शुकदेव मजूमदार उपस्थित रहे।
पार्टी ने प्रशासन से मामले की जांच में तेजी लाने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। साथ ही कहा कि यदि उचित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। पार्टी ने स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए उसकी आवाज आगे भी बुलंद रहेगी।
#जेएलकेएम #खरसावां #श्यामलमजूमदार #न्यायकीमांग #निष्पक्षजांच #चिकित्सकीयलापरवाही #सीनी #बांदगोड़ा #सरायकेलाखरसावां #झारखंडसमाचार #झारखंडन्यूज #JLKM #Kharsawan #SeraikelaKharsawan #JharkhandNews