
#कलयुगी_मां_एवं_प्रेमी_ने_कबूला_सच___
डीग जिले में जनूथर क्षेत्र के बडेसरा गांव में मंगलवार को हुई 13 वर्षीय दो जुड़वा नाबालिग भाइयों, विनय और विष्णु की निर्मम हत्या का पुलिस द्वारा पूरी तरह से पर्दाफाश कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार उक्त मामले में पुलिस द्वारा वैज्ञानिक और मनोवैज्ञानिक तरीकों से की गई कड़ी पूछताछ के बाद आरोपियों (मां एवं प्रेमी) द्वारा अपना जुर्म कबूल कर लिया गया है। उक्त निर्दयी दोहरे हत्याकांड में बच्चों की सगी मां प्रीति पत्नी स्व निरंजन जाट और उसके प्रेमी राजेश पुत्र हीरालाल जाट को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी अनुसार पुलिस जांच में यह खौफनाक सच सामने आया है कि दोनों आरोपियों (मां एवं प्रेमी) के बीच चल रहे अवैध प्रेम प्रसंग के उजागर होने के डर या बच्चों द्वारा इसका विरोध किए जाने के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया था। कलयुगी मां और उसके प्रेमी द्वारा मिलकर योजनाबद्ध तरीके से रात के समय घर में ही धारदार हथियार से दोनों मासूमों को मौत के घाट उतार दिया गया था। आरोपियों द्वारा की गई निर्मम हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से बच्चों के शवों को घर से कुछ दूरी पर स्थित कड़ब (सूखे चारे) के ढेरों में छिपा दिया गया था।
प्राप्त जानकारी अनुसार गांव में घटित हुए इस दिल दहला देने वाली घटना के संबंध में मृतक बच्चों के 64 वर्षीय नाना घनश्याम द्वारा अपनी सगी बेटी प्रीति और उसके प्रेमी राजेश के खिलाफ जनूथर थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी प्रीति अपने पति की मृत्यु के बाद से अपने दोनों जुड़वा बेटों सहित अपने पिता के घर पर ही रह रही थी। उक्त रोंगटे खड़े कर देने वाले हत्याकांड के खुलासे के बाद से पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश और सनसनी का माहौल है और पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।