
औरंगाबाद के कुंडा गांव में छठ की भव्य तैयारी, देव सूर्य मंदिर की तर्ज पर बनेगा मंदिरनुमा पंडाल।
कुंडा गांव में छठ की भव्य तैयारी, देव मंदिर जैसा पंडाल होगा आकर्षण, 14 नवंबर को टिंकू टाइगर समेत कई कलाकार देंगे प्रस्तुति।
औरंगाबाद जिले के देव प्रखंड की हसौली पंचायत के कुंडा गांव में लोक आस्था के महापर्व छठ की भव्य तैयारी चल रही है। पूरे गांव में उत्सवी माहौल है और ग्रामीणों-युवाओं के सामूहिक सहयोग से तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
*मंदिरनुमा पंडाल होगा आकर्षण का केंद्र*
इस बार छठ पर भगवान भास्कर की प्रतिमा स्थापना के लिए देव के ऐतिहासिक सूर्य मंदिर की तर्ज पर भव्य मंदिरनुमा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा। पंडाल निर्माण और लाइटिंग-सजावट का अधिकांश कार्य पूरा कर लिया गया है। पूजा स्थल से लेकर छठ घाट तक रोशनी की विशेष व्यवस्था की जा रही है ताकि व्रतियों को कोई परेशानी न हो।
*तीन दशक से कायम है परंपरा*
गौरतलब है कि कुंडा गांव में वृहद रूप से छठ आयोजन की परंपरा करीब तीन दशक पुरानी है। यहां किसी एक व्यक्ति या परिवार का नहीं, बल्कि पूरे गांव का आयोजन होता है। बुजुर्गों के मार्गदर्शन और युवाओं के उत्साह से हर साल इसे भव्य स्वरूप दिया जाता है।
*अदरी नदी तट पर दिया जाएगा अर्घ्य*
छठ के दौरान व्रती अदरी नदी के तट पर अस्ताचलगामी और उदयीमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। घाट पर व्रतियों की सुविधा के लिए पूजा समिति व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी है।
*14 नवंबर को भक्ति संगीत की महफिल*
मां दुर्गा आराध्या समिति, कुंडा के तत्वावधान में 14 नवंबर को भव्य भक्ति जागरण का आयोजन होगा। इसमें प्रसिद्ध लोक गायक टिंकू टाइगर, राम और श्याम, सीमा गुप्ता और सनोज सागर अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करेंगे। कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है।
कुंडा गांव का यह छठ आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सामूहिक सहयोग की मिसाल भी है।