
खुशियों की दास्तां
===
आचार्य विद्यासागर डेयरी योजना से राजेंद्र कुमार यादव की बढ़ी आय
===
आचार्य विद्यासागर डेयरी योजना से जुड़कर ग्राम पड़मनिया कला, विकासखंड सोहागपुर निवासी श्री राजेंद्र कुमार यादव पशुपालन को आय का बेहतर माध्यम बना रहे हैं। योजना का लाभ मिलने से उन्होंने अपने दुधारू पशुओं की संख्या बढ़ाई है, जिससे अब वे पहले की तुलना में अधिक दूध का उत्पादन कर उसका विक्रय कर रहे हैं।
राजेंद्र कुमार यादव बताते हैं कि पहले वे घर पर रहकर ही पशुपालन करते थे, लेकिन पशुओं की संख्या सीमित होने के कारण इससे होने वाली आय भी सीमित थी। आचार्य विद्यासागर डेयरी योजना से जुड़ने के बाद उन्हें दुधारू पशुओं की संख्या बढ़ाने का अवसर मिला। वर्तमान में अधिक दूध का उत्पादन होने से दूध विक्रय के माध्यम से उन्हें लगभग 25 हजार रुपये प्रतिमाह की अतिरिक्त आय प्राप्त हो रही है।
उन्होंने बताया कि पहले उन्हें पशुपालन के वैज्ञानिक तरीकों की पर्याप्त जानकारी नहीं थी। विभाग से जुड़ने के बाद पशुओं के बेहतर पालन-पोषण, देखभाल एवं वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों की जानकारी मिल रही है। वे अब विभागीय मार्गदर्शन के अनुसार कृत्रिम गर्भाधान भी करा रहे हैं, जिससे पशुपालन को अधिक व्यवस्थित एवं लाभकारी बनाने में मदद मिल रही है।
राजेंद्र कुमार यादव का कहना है कि योजना और विभागीय मार्गदर्शन से उन्हें पशुपालन के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिला है। अब वे पशुपालन को केवल पारंपरिक गतिविधि के रूप में नहीं, बल्कि परिवार की आय बढ़ाने के साधन के रूप में कर रहे हैं।
#SevaSankalpAbhiyan #सेवा_संकल्प_अभियान #शहडोल #shahdol