
*राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का पुतला दहन*
चाईबासा : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देशानुसार एवं पश्चिमी सिंहभूम कांग्रेस जिला अध्यक्ष सह विधायक जगन्नाथपुर श्री सोनाराम सिंकु जी के आदेशानुसार लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के विरुद्ध दर्ज प्राथमिकी के विरोध तथा उत्तराखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित शहीद पार्क चौक, चाईबासा में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नितिमा बारी के नेतृत्व में कांग्रेसजनों द्वारा जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के उपरांत प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर कांग्रेसजनों ने अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए लोकतांत्रिक संस्थाओं एवं विपक्ष की आवाज की रक्षा की मांग की।महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नितिमा बारी ने कहा कि राहुल गांधी देश के लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की सशक्त आवाज है। उनके विरुद्ध दुर्भावनापूर्ण तरीके से प्राथमिकी दर्ज कर लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।उन्होंने कहा कि कानून का इस्तेमाल राजनीतिक प्रतिशोध के लिए नहीं, बल्कि निष्पक्ष एवं न्यायपूर्ण व्यवस्था के लिए होना चाहिए। यदि उत्तराखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कानून का उल्लंघन किया गया है तो उनके विरुद्ध भी समान रूप से प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करती रहेगी। विपक्ष की आवाज को दबाने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से पुरजोर विरोध किया जाएगा।उन्होंने कहा कि आज का प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकारों, संवैधानिक मूल्यों और निष्पक्ष कानून व्यवस्था की रक्षा की आवाज है।
प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश महासचिव संगठन एवं प्रशिक्षण सुनित शर्मा, कांग्रेस के दिकु सावैयां , अशरफुल होदा, रंजीत यादव , सुरज मुखी, जाम्बी कुदादा, पुरुषोत्तम दास पान , इम्तियाज खान , सकारी दोंगो , राकेश सिंह , गुलजार अंसारी , संतोष सिन्हा , मंजु बिरुवा , लियोनर्ड बोदरा , विजय लक्ष्मी सिंकु , गीता पूर्ति , सिकुर गोप, सावित्री सिरका , गोपाल बोदरा, मथुरा चामपिया , सत्यशिला हेमब्रम, सुशील दास आदि मौजूद थे।