
एड्स जागरूकता रैली निकालकर दिया बचाव का संदेश
राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत सघन जागरूकता अभियान के तहत आज 12 अगस्त को मुरैना शहर में एड्स जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पदमेश उपाध्याय, जिला स्वास्थ्य अधिकारी-1 डॉ. आनंद बंसल एवं जिला एड्स नोडल अधिकारी डॉ. नरेन्द्र उपाध्याय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जागरूकता रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। रैली में शामिल प्रतिभागियों द्वारा एड्स से बचाव एवं रोकथाम से संबंधित जागरूकता नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया गया। इस दौरान आमजन को पेम्पलेट्स वितरित कर एचआईवी/एड्स से बचाव, आवश्यक सावधानियों एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी गई।
जिला एड्स नोडल अधिकारी डॉ. नरेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि यह सघन जागरूकता अभियान 12 अगस्त से 12 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में जागरूकता शिविर एवं परामर्श सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से आमजन को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक करते हुए बचाव एवं रोकथाम के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
रैली में स्वास्थ्य विभाग के मीडिया प्रभारी, एएनएम, आईसीटीसी स्टाफ, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा एनसीसी के छात्र-छात्राओं सहित लगभग 150 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाना, भ्रांतियों को दूर करना तथा बचाव के उपायों के प्रति लोगों को संवेदनशील बनाना रहा।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh