
जिले भर में नशा मुक्ति भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश।
दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।
सवाई माधोपुर। राष्ट्रीय नशा मुक्त भारत अभियान के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सितम्बर माह में आयोजित होने वाली गतिविधियों की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को निर्धारित गतिविधियों की समयबद्ध तैयारी पूर्ण कर अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अभियान के संचालन के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तर पर संबंधित अधिकारियों को समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। जिला स्तर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया एवं ब्लॉक स्तर पर संबंधित विकास अधिकारी नोडल अधिकारी होंगे। जिला कलक्टर ने आयोजित गतिविधियों की जियो-टैगिंग सहित निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन रिपोर्टिंग फोटोग्राफ एवं आवश्यक विवरण के साथ समय पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों, युवा एवं महिला समूहों सहित आमजन की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों, राजकीय कार्यालयों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा पंचायती राज संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों, युवा क्लबों, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवी संस्थाओं को अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए।