पचगांव के शिवम ने पास की कठिन एफएमजीई परीक्षा, अब भारत में डॉक्टर बन करेंगे सेवा
धौलपुर। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन द्वारा घोषित किए गए विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट परीक्षा एफएमजीई के परिणामों में पचगांव के शिवम जगरिया ने शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। जैसे ही शिवम के पास होने की खबर आई, परिवार और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और लोग मिठाई बांटकर खुशियां मना रहे हैं।
गौरतलब है कि विदेश से एमबीबीएस करने वाले छात्रों के लिए भारत में चिकित्सा का लाइसेंस पाने और प्रैक्टिस करने के लिए यह परीक्षा पास करना अनिवार्य होता है। बेहद कठिन मानी जाने वाली इस परीक्षा को शिवम ने अपने कड़े परिश्रम और निरंतर प्रयास से उत्तीर्ण कर दिखाया है।
इस सफलता पर बात करते हुए डॉ. शिवम जगरिया ने कहा कि यह उनके दादा-दादी और माता-पिता के अटूट विश्वास, गुरुजनों के मार्गदर्शन और उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम है। उनके पिता मनोज जगरिया और माता मंजू शर्मा सहित गणमान्य नागरिकों ने बच्चे की इस उपलब्धि पर अत्यंत हर्ष व्यक्त किया है।