
शहडोल से भाजपा सांसद हिमाद्री सिंह और नरेंद्र सिंह मरावी का तलाक हो गया है। अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम न्यायालय ने दोनों की आपसी सहमति के आधार पर 3 सितंबर 2026 को विवाह विच्छेद की डिक्री पारित की। दोनों की शादी 23 नवंबर 2017 को हिंदू रीति-रिवाज से राजेंद्रग्राम में हुई थी। शादी के करीब 9 साल बाद दोनों का रिश्ता खत्म हुआ।
कोर्ट में पेश दस्तावेजों के मुताबिक, शादी के बाद दोनों साथ रहते थे। 20 जून 2019 को उनकी बेटी गिरिशा सिंह का जन्म हुआ। इसके बाद छोटी-छोटी बातों को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगे। विवाद बढ़ने के बाद दोनों ने एक-दूसरे से मिलना-जुलना बंद कर दिया और 5 मई 2021 से अलग रहने लगे।
हिमाद्री सिंह की ओर से कोर्ट में कहा गया कि अब दोनों के दोबारा साथ रहने की कोई संभावना नहीं है। बेटी गिरिशा हिमाद्री के साथ रहेगी और उसके पालन-पोषण, शिक्षा व स्वास्थ्य की जिम्मेदारी हिमाद्री की होगी। उन्होंने नरेंद्र से भरण-पोषण की मांग नहीं करने की बात भी कही।
कोर्ट ने दोनों को सुलह और फैसला बदलने के लिए छह महीने का समय दिया, लेकिन प्रयास सफल नहीं हुए। इसके बाद हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13-बी के तहत आपसी सहमति से तलाक की डिक्री पारित की गई। नरेंद्र मरावी ने कहा कि तलाक दोनों की सहमति से हुआ है, हालांकि उन्होंने अभी कोर्ट का आदेश नहीं देखा है।#HimadriSingh #NarendraMaravi #Shahdol #MadhyaPradesh #BJP