
चिलहरी में लगा सहयोग शिविर, बिजली समस्या पर सख्त हुए प्रभारी मंत्री, अधिकारियों को जल्द समाधान का दिया निर्देश
बक्सर । जिले के डुमरांव अनुमंडल अंतर्गत चिलहरी गांव स्थित मध्य विद्यालय परिसर में मंगलवार को “सहयोग शिविर” का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन बिहार सरकार के प्रभारी मंत्री नन्द किशोर राम, डुमरांव विधायक राहुल सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह उर्फ कतवारू सिंह, जिलाधिकारी साहिला, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, एसडीएम राकेश कुमार तथा एसडीपीओ पोलस्त कुमार,मुखिया विभा देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता जितेंद्र सिंह उर्फ कतवारू सिंह ने कहा कि बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में जिले के विभिन्न प्रखंडों में नियमित रूप से “सहयोग शिविर” आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आमजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान, सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को अलग-अलग पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे।
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों द्वारा सात दिनों के भीतर विद्युत समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया।
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री नन्द किशोर राम ने कहा कि अब ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पंचायत स्तर पर आयोजित “सहयोग शिविर” के माध्यम से शिकायतों का पारदर्शी एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का समाधान करेंगे, जिससे प्रशासन और जनता के बीच विश्वास और संवाद मजबूत होगा।
वहीं डुमरांव विधायक राहुल सिंह ने ग्रामीणों से “सहयोग पोर्टल” के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का समाधान 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। यदि किसी मामले में अनावश्यक विलंब होता है तो संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, जन वितरण प्रणाली, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, भूमि विवाद, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों का निष्पादन किया गया। प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री द्वारा निष्पादित आवेदनों से संबंधित स्वीकृति पत्र लाभुकों के बीच वितरित किए गए। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
Buxar, Buxar | Jun 3, 2026