
• सीहोर जिले में “ज्ञान भारतम् मिशन” अंतर्गत चलाया जा रहा राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान
• अधिक से अधिक पांडुलिपियों का पंजीयन करने की कलेक्टर ने नागरिकों से की अपील
भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा संचालित “ज्ञान भारतम् मिशन” के अंतर्गत देशव्यापी पांडुलिपि सर्वेक्षण, सूचीकरण एवं डिजिटलीकरण के लिए अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जिले में उपलब्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व की पांडुलिपियों का सर्वे, संरक्षण एवं डिजिटलीकरण का कार्य किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य “ज्ञान भारतम्” पोर्टल एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्राचीन पांडुलिपियों का डेटा संकलित कर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना है।
इस अभियान की विशेष बात यह है कि “Gyan Bharatm App” के माध्यम से कोई भी नागरिक, संस्था, मंदिर, आश्रम, पुस्तकालय, शिक्षण संस्थान अथवा निजी संग्रहकर्ता स्वयं अपनी पांडुलिपियों का सर्वे कर सकता है। नागरिक मोबाइल ऐप के माध्यम से पांडुलिपियों की जानकारी, फोटो एवं आवश्यक विवरण अपलोड कर सीधे अभियान से जुड़ सकते हैं। इससे अधिक से अधिक दुर्लभ पांडुलिपियों की जानकारी एकत्रित की जा सकेगी। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने नागरिकों से अपील की है, कि यदि उनके पास किसी भी प्रकार की प्राचीन पांडुलिपि, हस्तलिखित ग्रंथ, ताम्रपत्र, धार्मिक अथवा ऐतिहासिक दस्तावेज उपलब्ध हों, तो वे “Gyan Bharatm App” के माध्यम से उनका पंजीयन अवश्य करें। इससे इन धरोहरों का संरक्षण, डिजिटलीकरण एवं राष्ट्रीय स्तर पर दस्तावेजीकरण किया जा सकेगा। यह अभियान भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति एवं इतिहास के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को देश की प्राचीन विरासत से जोड़ने में सहायता मिलेगी।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore