
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में योग क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली संस्थाओं को किया सम्मानित
पंचकूला, 23 जून- 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं सराहनीय कार्य करने वाली विभिन्न संस्थाओं को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा सम्मानित किया गया।
हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ जयदीप आर्य ने बताया कि इस अवसर पर योग के प्रचार-प्रसार, जन-जागरूकता एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। इनमें पतंजलि योग समिति से श्री प्रेम आहूजा, भारतीय योग संस्थान से श्री गुलशन ग्रोवर, महिला पतंजलि योग समिति से श्रीमती राजरानी, हार्टफुलनेस से श्री राजपाल सिंह, योग भारती से श्री देवेंद्र गोयल तथा एनर्जेटिक योग संस्थान से श्री विनोद बजाज शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो आज सम्पूर्ण विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है। उन्होंने योग को जन-जन तक पहुंचाने में सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संगठनों के अथक प्रयासों से योग आज जन आंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुका है।
राज्य स्तरीय समारोह में हरियाणा योग आयोग, हरियाणा कृषि विभाग, पतंजलि योग समिति, भारतीय योग संस्थान एवं एनर्जेटिक योग संस्थान द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए गए। इन प्रदर्शनों में योग, प्राकृतिक स्वास्थ्य, जीवनशैली प्रबंधन, जैविक खेती तथा जनकल्याणकारी गतिविधियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया तथा उनके माध्यम से किए जा रहे जनहितकारी कार्यों की प्रशंसा की।