नगर निगम की लापरवाही से मंडराया बड़ा खतरा: शाहजहांपुर में बारिश के बीच भरभराकर गिरी सैकड़ों साल पुरानी तीन मंजिला जर्जर इमारत
शाहजहांपुर: शाहजहांपुर नगर निगम क्षेत्र के दलेलगंज स्थित तरीन गाड़ीपुरा मोहल्ले (कसाइयों वाली पुलिया के पास, मेन रोड) में बनी सैकड़ों वर्ष पुरानी तीन मंजिला जर्जर इमारत बारिश के कारण गिरने लगी है। दो दिन और दो रातों से लगातार हो रही भारी बारिश के बीच इमारत की एक दीवार और लेंटर का कुछ हिस्सा अचानक भरभराकर बीच सड़क पर आ गिरा।
अधिकारियों की बेपरवाही, अलर्ट के बाद भी नहीं जागे:
जिलाधिकारी (DM) द्वारा तीन दिनों तक भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किए जाने के बावजूद नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई फर्क नहीं पड़ा है। जर्जर इमारत के अचानक गिरने से आसपास के पड़ोसियों और राहगीरों में दहशत का माहौल है।
मकान मालिकों ने उठाये सवाल:
जर्जर इमारत के मालिक आसिफ, सलीम और सईद ने बताया कि यह तीन मंजिला इमारत लगभग सैकड़ों साल पुरानी है और बहुत ज्यादा जर्जर हो चुकी है। इमारत से अपने आप ईंटें छूटकर गिर रही हैं। उन्होंने बताया कि किसी पड़ोसी या राहगीर को नुकसान न पहुंचे, इसके लिए वे इस जर्जर इमारत को ध्वस्त कराने की अनुमति हेतु लगातार नगर निगम के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन निगम प्रशासन उनकी फरियाद सुनने को तैयार नहीं है।
उठ रहे गंभीर सवाल:
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्या प्रशासन और नगर निगम का अलर्ट आदेश केवल जनता के लिए ही है या जिम्मेदार अधिकारियों के लिए भी? अगर नगर निगम समय रहते कार्रवाई नहीं करता है, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
Hardoi, Hardoi | Sep 26, 2026