
मलमास मेला स्नान कर लौटने के दौरान श्रद्धालुओं के कार को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, 3 की मौत
The silence media news
औरंगाबाद- अरवल जिले के मेहंदिया में मधुशर्मा मलमास मेले में स्नान करके वापस आ रहे श्रद्धालुओं से भरी एक कार में बेलगाम ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन महिला श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। इसमें तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को मगध मेडिकल कॉलेज गयाजी ले जाया गया है। मृत तीनों श्रद्धालु औरंगाबाद जिले के रहने वाले हैं। घटना गोह थाना क्षेत्र में हुई है।
औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 120 पर रविवार की दोपहर श्रद्धालुओं से भरी एक कार को ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार तीन महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मृतकों की पहचान दाउदनगर थाना क्षेत्र के हिछन बिगहा गांव निवासी उपेंद्र कुमार की 45 वर्षीय पत्नी ममता कुमारी, उनकी 1 वर्षीय पुत्री चुलबुल कुमारी और उपहारा थाना क्षेत्र के डड़वा गांव निवासी स्वर्गीय विनोद यादव की 17वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी के रूप में हुई है। घायलों में उपेंद्र कुमार की 14 वर्षीय पुत्री मुस्कान कुमारी, उनके 12 वर्षीय पुत्र समर कुमार और स्वर्गीय विनोद यादव की 40 वर्षीय पत्नी संगीता देवी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल मुस्कान और समर को बेहतर इलाज के लिए गयाजी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ये सभी लोग अरवल जिले के मेहंदिया स्थित मधुशर्मा मेले से पवित्र स्नान कर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच 120 पर दधपि गांव के समीप एक तेज रफ्तार बेलगाम बालू लदे ट्रैक्टर ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
घटना के संबंध में एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई है। पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। दोषियों को किसी भी स्थिति में बक्शा नहीं जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
#thesilencemedianews #मलमास #madhusharmamela #दाउदनगर #गोह #औरंगाबाद #यादव #yadavsmaj #NH120 #RoadAccident