
दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद पार्टी के भीतर मंथन और संगठनात्मक समीक्षा का दौर जारी है। इसी बीच मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की बहू उमिता सिंह की एक फेसबुक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। पोस्ट में उन्होंने सीधे तौर पर किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन संगठन की कार्यप्रणाली और चुनावी हार को लेकर बड़ा संदेश दिया है।
उमिता सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा, "जब कार्यकर्ता की जगह अधिकारी बोलने लगें, तो हार तय हो जाती है।" उनके इस बयान को भाजपा की दतिया उपचुनाव में हार और संगठन के भीतर चल रही चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इसे कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और संगठन में बढ़ती नौकरशाही पर संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।
दतिया उपचुनाव में हार के बाद भाजपा पहले ही संगठन में बदलाव की दिशा में कदम बढ़ा चुकी है। जिला कार्यकारिणी सहित विभिन्न इकाइयों में फेरबदल की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और हार के कारणों की समीक्षा की जा रही है। ऐसे समय में उमिता सिंह की यह पोस्ट चर्चा का विषय बन गई है। हालांकि, भाजपा की ओर से इस पोस्ट पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह पोस्ट आने वाले दिनों में संगठन के भीतर बहस को और तेज कर सकती है।
#BJP #DatiaByElection #UmaBharti #MadhyaPradeshPolitics #PoliticalNews #UmitaRahulSingh