
मजदूर की हत्या के दोषी को उम्रकैद, 25 हजार रुपये जुर्माना
तीन साल पुराने हत्या मामले में अदालत का फैसला; जुर्माना न भरने पर छह माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी
सिरसा।
सिरसा की अदालत ने मजदूर की हत्या के करीब साढ़े चार साल पुराने मामले में दोषी विकास भारती को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीश जिंदिया की अदालत ने दोषी पर 25 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना अदा नहीं करने की स्थिति में उसे छह माह का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा। मामला 12 मार्च 2022 का है। पुलिस थाना शहर सिरसा में इस संबंध में 13 मार्च 2022 को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत एफआईआर नंबर 187 दर्ज की गई थी। मामले में विकास भारती पुत्र महाबीर भारती निवासी गांव उमन बारा, जिला गया (बिहार), हाल निवासी प्लॉट नंबर 20, पवन स्टील फैक्टरी, औद्योगिक क्षेत्र, रानियां रोड सिरसा को आरोपी बनाया गया था।
पुलिस की जांच के अनुसार, आरोपी और मृतक संतू राम उर्फ रामू पवन स्टील फैक्टरी में मजदूरी करते थे। घटना के दिन दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने लोहे की रॉड से संतू राम पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में जांच पूरी कर आरोपी के खिलाफ अदालत में चालान पेश किया। अदालत में अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी पब्लिक प्रॉसिक्यूटर उप जिला न्यायवादी पलविंदर सिंह ने की। सुनवाई के बाद अदालत ने विकास भारती को हत्या का दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास और 25 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
Sirsa, Sirsa | Nov 11, 2026