सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित
-
मेरे सपनों का भारत’ एवं राष्ट्रीय प्रतीक चिन्ह और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
-
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, टीकमगढ़ में आज निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता का विषय मेरे सपनों का भारत तथा रंगोली प्रतियोगिता का विषय राष्ट्रीय प्रतीक चिन्ह एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित रखा गया।
निबंध प्रतियोगिता में मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग एवं कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने अपने निबंधों के माध्यम से भारत के विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी प्रगति, युवाओं की भूमिका, आत्मनिर्भरता तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में विषय-वस्तु, मौलिकता, भाषा-शैली, प्रस्तुतीकरण एवं प्रासंगिकता के आधार पर मैकेनिकल इंजीनियरिंग प्रथम वर्ष के अर्पित कुमार गुप्ता ने प्रथम, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के गर्वांश गैरी ने द्वितीय तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग के प्रिंसराज राजौरिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय प्रतीक चिन्हों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को रंगों और आकर्षक कलात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित करते हुए अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग प्रथम वर्ष ने प्रथम, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष ने द्वितीय तथा इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग तृतीय वर्ष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. पी. शांडिल्य ने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों सहित सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ रचनात्मक, ज्ञानवर्धक एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों में निरंतर सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।
#SevaSankalpAbhiyan
#सेवा_संकल्प_अभियान
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh
Tikamgarh, Madhya Pradesh | Sep 22, 2026