
*घोड़ानेगी में 16 सितंबर को सजेगा करम परब का भव्य मंच*
*ऐतिहासिक छाता मेला मैदान में होगा आयोजनडुमरी विधायक जयराम कुमार महतो के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना*
चांडिल: चांडिल प्रखंड के घोड़ानेगी स्थित ऐतिहासिक छाता मेला मैदान में विगत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी करम परब का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। 16 सितंबर 2026, बुधवार को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो के शामिल होने की बात कही गई है। करम परब को लेकर ग्रामीणों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन स्थल पर कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर काम शुरू कर दिया गया है।
करम परब झारखंड की समृद्ध लोक एवं सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा प्रमुख पर्व है। इस अवसर पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ करम देवता की पूजा-अर्चना की जाती है। आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पारंपरिक गतिविधियों के जरिए क्षेत्र की लोक संस्कृति और परंपरा को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारी की जा रही है। आयोजन में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।
आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर करम परब में शामिल होने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।