### चामू में ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी SUV, CI बुधाराम की मौत
चामू क्षेत्र में स्टेट हाईवे 61B पर देर रात हुए सड़क हादसे में पुलिस विभाग के CI बुधाराम की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि SUV चामू से लोड़ता-ठाडिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि SUV सवार CI बुधाराम की मौके पर ही मौत हो गई। बुधाराम मूल रूप से ठाडिया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं और वर्तमान में प्रतापगढ़ में CI के पद पर तैनात थे।
हादसे की सूचना मिलते ही चामू थाना पुलिस सहित मुंडन कंस्ट्रक्शन कंपनी और कुलदीप इंफ्रा की टीम मौके पर पहुंची। राहत कार्य के साथ हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया गया।
पुलिस ने शव को चामू अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।