
दो साल से था फरार...जंगल से धराया, अवैध हथियार भी मिला
देवास। ऑपरेशन हवालात के तहत हरणगांव पुलिस ने चोरी के मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे इनामी आरोपी रामविलास उर्फ रामनिवास भुसारिया, निवासी सातल को ग्राम सातल के जंगल से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी थाना हरणगांव के अपराध क्रमांक 10/2025 में धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज चोरी के प्रकरण में फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सौम्या जैन के मार्गदर्शन और कन्नौद एसडीओपी आदित्य तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी अभिषेक सिंह सेंगर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश जारी रखी।
जंगल में होने की मिली सूचना, टीम ने दबोचा
26 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि फरार इनामी आरोपी सातल गांव के जंगल में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार भी बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
ऑपरेशन हवालात में अब तक 1532 गिरफ्तार
देवास पुलिस के अनुसार, एसपी पुनीत गेहलोद द्वारा 1 नवंबर 2024 से जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन हवालात के तहत अब तक 1532 फरार, स्थाई और गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन आरोपियों पर कुल 2 लाख 14 हजार 500 रुपये का इनाम घोषित था।