
*रीवा मेडिकल कॉलेज के पूर्व डीन डॉ. मनोज इंदुलकर ICU में भर्ती, देर रात अचानक बिगड़ी तबीयत*
*सीने में तेज दर्द के बाद निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती, हार्ट अटैक की आशंका के बीच विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा उपचार*
रीवा। श्याम शाह मेडिकल कॉलेज रीवा के पूर्व डीन एवं मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष रहे डॉ. मनोज इंदुलकर की रविवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद परिजन उन्हें तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत को देखते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
जानकारी के अनुसार रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब एक बजे डॉ. इंदुलकर को अचानक सीने में तेज दर्द महसूस हुआ। इसके बाद परिजनों ने बिना देर किए उन्हें अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उनका उपचार जारी है। हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अस्पताल प्रबंधन अथवा परिजनों की ओर से बीमारी को लेकर अब तक कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
*शिकायत और विरोध प्रदर्शन के बाद चर्चा में आए थे डॉ. इंदुलकर*
डॉ. मनोज इंदुलकर पिछले कुछ दिनों से मेडिकल कॉलेज में सामने आए एक विवाद को लेकर चर्चा में थे। दो दिन पहले मेडिकल कॉलेज की एक छात्रा ने अमहिया थाने में उनके खिलाफ लिखित शिकायत दी थी। छात्रा ने शिकायत में कथित तौर पर मानसिक रूप से परेशान किए जाने सहित अन्य गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में विरोध की स्थिति बन गई थी।
*जूनियर डॉक्टरों ने दिनभर किया प्रदर्शन*
रविवार को मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टरों ने डॉ. इंदुलकर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सुबह से शाम तक चले प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने उन्हें विभागाध्यक्ष (HOD) के पद से हटाने की मांग उठाई। इस घटनाक्रम के चलते मेडिकल कॉलेज परिसर में दिनभर हलचल बनी रही।
*विभागाध्यक्ष पद से हटाने की चर्चा*
प्रदर्शन और विवाद के बीच मेडिकल कॉलेज प्रबंधन द्वारा डॉ. इंदुलकर को विभागाध्यक्ष पद से हटाने का निर्णय लिए जाने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी होने की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
फिलहाल डॉ. मनोज इंदुलकर निजी अस्पताल के आईसीयू में चिकित्सकों की निगरानी में हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर चिकित्सा जगत और मेडिकल कॉलेज से जुड़े लोगों की निगाहें अस्पताल की ओर से जारी होने वाले आधिकारिक अपडेट पर टिकी हुई हैं।
Mauganj, Rewa | Nov 17, 2026