
अधूरी सड़क निर्माण से बेलौजा गांव में जलजमाव, कई घरों में घुसा बारिश व नाली का पानी
स्थान : बेलौजा गांव, दारानगर पंचायत, नौहट्टा (रोहतास)
लगातार दो दिनों से हो रही बारिश ने बेलौजा गांव के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शिव मंदिर के समीप अधूरी पड़ी सड़क निर्माण के कारण जलनिकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। परिणामस्वरूप बारिश और नाली का पानी कई घरों में घुस गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब 10 माह पहले सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन संवेदक ने आधी सड़क की ढलाई कर शेष कार्य अधूरा छोड़ दिया। बरसात शुरू होने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया, जिससे पूरे इलाके में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है।
जलभराव के कारण जाहिर आलम, तेतर खान एवं गयासुद्दीन खान के मिट्टी के मकान क्षतिग्रस्त होने की कगार पर हैं। वहीं गांव के लोगों और श्रद्धालुओं को शिव मंदिर जाने के लिए गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
समाजसेवी सह पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि रणधीर कुमार ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण की निर्धारित अवधि समाप्त हो चुकी है। उनका कहना है कि अब तक हुआ निर्माण भी मानकों के अनुरूप नहीं है, जबकि संवेदक इस महत्वपूर्ण सड़क को अधूरा छोड़ अन्य स्थानों पर कार्य करा रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने तथा जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि लोगों को इस परेशानी से राहत मिल सके।
👉 क्या आपके क्षेत्र में भी अधूरे विकास कार्यों के कारण ऐसी समस्याएं हैं? अपनी राय कमेंट में जरूर दें।
#Belauja #Nauhatta #Rohtas #Bihar #RoadConstruction #Waterlogging #Rain #DaranagarPanchayat #ShivMandir #PublicIssue #GroundReport #BiharNews #RohtasNews