**अचानक सामने आया मवेशी, बचाने के चक्कर में पलटी एसयूवी,
देणोक। घंटियाली-केलनसर सड़क मार्ग पर गुरुवार दोपहर सुथारों की ढाणियों के पास मवेशी को बचाने के प्रयास में एक एसयूवी कार सड़क किनारे पलट गई। हादसे के दौरान कार में चार लोग सवार थे, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात रही कि किसी को चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, कार सवार लोग देवी-देवताओं के दर्शन कर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान घंटियाली से करीब एक किलोमीटर दूर अचानक सड़क पर मवेशी आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने चारों सवारों को बाहर निकालकर वाहन को सीधा करवाया। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन सभी के सुरक्षित रहने से बड़ा हादसा टल गया।