
चक्रधरपुर में संथाल परंपरा और संस्कृति के रंग में रंगा सागुन सोहराय पर्व, सांसद जोबा माझी ने महिलाओं के साथ की पशुधन पूजा
चक्रधरपुर: संथाल समाज के पारंपरिक सागुन सोहराय पर्व को लेकर चक्रधरपुर के संथाल बहुल गांवों में उत्साह और उल्लास का माहौल है। इसी कड़ी में मंगलवार को चक्रधरपुर के पोटका संथाल बस्ती में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सागुन सोहराय पर्व धूमधाम से मनाया गया।
इस अवसर पर सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव भी शामिल हुए। सांसद जोबा माझी पारंपरिक परिधान में कार्यक्रम में पहुंचीं और समाज की महिलाओं के साथ मिलकर गाय-बैलों समेत अन्य पशुधन की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने पशुधन की आरती उतारकर उनके अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
वहीं, पर्व के दौरान ढोल-मांदर की थाप पर ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पशुओं को नृत्य कराया। इस दौरान महिला और पुरुष पारंपरिक नृत्य-संगीत में शामिल होकर पर्व की खुशियां मनाते नजर आए। पूरे पोटका संथाल बस्ती में आदिवासी संस्कृति और परंपरा की अनूठी छटा देखने को मिली।
इस मौके पर सांसद जोबा माझी ने सभी को सोहराय पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सोहराय संथाल समुदाय का प्राचीन और महत्वपूर्ण पारंपरिक महापर्व है। समाज के लोग इसे बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं। इस पर्व में गाय-बैल समेत पशुधन की पूजा कर उनके अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की जाती है। साथ ही किसान अपने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि तथा अच्छी फसल की प्रार्थना करते हैं।
गौरतलब है कि संथाल समाज में सागुन सोहराय पर्व का विशेष महत्व है। यह पर्व खेती-किसानी में पशुधन के अमूल्य योगदान के प्रति आभार प्रकट करने और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता जताने का अवसर है। इस दौरान गाय-भैंस, बैल, हल और कृषि कार्यों में इस्तेमाल होने वाले औजारों की पूजा की जाती है। इसके साथ ही यह पर्व भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और सामाजिक एकजुटता का संदेश भी देता है।
कार्यक्रम में लांगो माझी, मोतीलाल मुर्मू, चित्तरंजन महली, मोटू मुर्मू, राम माझी, लखन माझी, बुजु मुर्मू समेत बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे।
#SagunaSohrai #SohraiParv #SanthalCulture #SanthalTradition #AdivasiCulture #JobaMajhi #SinghbhumMP #Chakradharpur #Potka #JharkhandNews #KolhanNews #SeraikelaKharsawan #TribalCulture #TraditionalFestival #SohraiFestival #झारखंड_समाचार #सोहराय_पर्व #संथाल_संस्कृति #चक्रधरपुर #जोबा_माझी #आदिवासी_परंपरा #छोटानागपुरLIVE