
कचरा प्रबंधन को मजबूत करने पर जिलाधिकारी ने दिया विशेष जोर..
#छपरा | जिले में स्वच्छता को अधिक प्रभावी बनाने के लिए 'जिला जल एवं स्वच्छता समिति' की बैठक शनिवार को जिलाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी सहित उप विकास आयुक्त, निदेशक डीआरडीए एवं स्वच्छता मिशन के सभी पर्यवेक्षकीय पदाधिकारी मौजूद रहे.
बैठक में जिलाधिकारी ने स्वच्छता मिशन के तहत निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि शौचालय निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराया जाए.
जिलाधिकारी ने कूड़े-कचरे के बेहतर निष्पादन के लिए सभी निर्मित WPU (Waste Processing Unit) को पूरी क्षमता के साथ संचालित करने का निर्देश दिया. साथ ही अतिरिक्त WPU निर्माण के लिए अविलंब भूमि चयन करने को कहा गया.
बैठक में शौचालय निर्माण पूरा करा चुके लाभुकों को लंबित भुगतान जल्द से जल्द करने और प्राप्त राशि के विरुद्ध शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
जिलाधिकारी ने मुखियागण से समन्वय स्थापित कर पंचायत समिति के संबंधित मद से ई-रिक्शा एवं पैदल रिक्शा की मरम्मत कराने का भी निर्देश दिया, ताकि पंचायतों में कचरा उठाव व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके.
उन्होंने सभी पर्यवेक्षकीय पदाधिकारियों को सुबह के समय पंचायतों का भ्रमण कर स्वच्छता कार्यों की समीक्षा करने तथा आम लोगों को जागरूक कर कचरा उठाव के विरुद्ध प्राप्त राशि में वृद्धि लाने का निर्देश दिया.
बैठक में स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा पंचायत स्तर पर कचरा प्रबंधन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गगया
#Chapra #saran
Chapra, Saran | Jun 21, 2026