गम्हरिया थाना परिसर में महिला फरियादी से कथित दुष्कर्म के मामले में एसपी मनोज स्वर्गियारी ने दूसरे दिन रविवार को बड़ी कार्रवाई की है. जांच के लिए गठित एसआइटी ने शनिवार को निलंबित छह पुलिसकर्मियों में से दो एसआइ मनोज कुमार साहू और हवलदार संतोष कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया. रविवार को उन्होंने गम्हरिया थाना के नौ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया. निलंबित कर्मियों में दो एसआइ अजय पासवान और ललन रविदास, चार एएसआइ विश्व उरांव, मुकेश कुजूर, मुकेश रविदास, सीताराम सिंह पाहन, दो हवलदार पितांबर महतो व बहादुर हांसदा और एक आरक्षी मनोज गोराई शामिल हैं. इसके साथ ही दो दिनों के भीतर थाना प्रभारी समेत अब तक कुल 15 पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की जा चुकी है. एसपी ने बताया - दूसरे दिन की कार्रवाई अनुशासनहीनता बरतने और घटना की जानकारी समय पर वरीय अधिकारियों को नहीं देने के मामले में की गई है. बताया जा रहा है कि रविवार को निलंबित किए गए पुलिसकर्मी घटनास्थल के ठीक ऊपर स्थित कमरों में रहते थे.
Namkum, Ranchi | Nov 1, 2026