समस्तीपुर का मौसम:अगले कुछ दिन मौसम रहेगा शुष्क, 28 जून से भारी बारिश का अलर्ट
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र व भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा संयुक्त रूप से 24 से 28 जून 2026 तक का मौसम पूर्वानुमान जारी किया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर बिहार में अगले कुछ दिनों तक धूप-छांव का खेल जारी रहेगा, जबकि सप्ताह के अंत में मानसून रफ्तार पकड़ सकता है.पूर्वानुमान के मुताबिक, शुरुआती दिनों में उत्तर बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा. कुछ इलाकों में हल्की छिटपुट बारिश देखी जा सकती है. हालांकि, 28 और 29 जून के आसपास मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. मौसम विभाग ने बेगूसराय, समस्तीपुर, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चम्पारण और पश्चिमी चम्पारण जिलों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात (बिजली गिरने) के साथ कई स्थानों पर अच्छी और भारी बारिश होने का प्रबल अनुमान है.