
*अलौकिक गार्डन से टकरावद रोड को जोड़ने वाले नवीन सीसी रोड का भूमि पूजन, क्षेत्रवासियों को मिलेगी आवागमन में राहत*
शामगढ़। नगर परिषद शामगढ़ द्वारा अलौकिक गार्डन से टकरावद रोड को जोड़ने वाले नवीन सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमि पूजन सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार, विधिवत पूजा-अर्चना एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। इस सड़क निर्माण कार्य से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने के साथ ही बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि राजू भाई (नरेंद्र) यादव, नगर परिषद उपाध्यक्ष श्रीमती डाली बाई जोशी, एल्डरमैन, पार्षदगण, सभापति, नगर के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का पुष्पहार एवं माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत, वंदन एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि अलौकिक गार्डन से टकरावद रोड को जोड़ने वाला यह नवीन सीसी रोड क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण विकास कार्य साबित होगा। सड़क बनने से स्थानीय नागरिकों, राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा विशेष रूप से वर्षा ऋतु में कीचड़ और खराब रास्तों से होने वाली परेशानियों से निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद शहर के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है और भविष्य में भी जनहित के ऐसे कार्य प्राथमिकता से किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान वार्डवासियों ने नगर परिषद द्वारा कराए जा रहे इस विकास कार्य पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति से कार्यक्रम गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंत में पूर्व पार्षद गोपाल जोशी ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए नगर परिषद अध्यक्ष सहित सभी जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित किया