
25 अक्टूबर को होगा हिमाचल की जूनियर खो-खो टीमों का चयन
सोलन के धुंदन स्थित मठ मैदान में लड़के और लड़कियों के लिए होंगे ट्रायल, सफल खिलाड़ी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में करेंगे प्रदेश का प्रतिनिधित्व
जोगिंद्रनगर/ शिव कुमार।
हिमाचल प्रदेश की जूनियर लड़के एवं लड़कियों की खो-खो टीमों के चयन के लिए 25 अक्टूबर को ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ की ओर से ये ट्रायल सोलन जिला की अर्की तहसील के धुंदन स्थित मठ मैदान में होंगे। इन ट्रायल के माध्यम से प्रदेश की जूनियर लड़के और लड़कियों की टीमों का चयन किया जाएगा, जो आगामी राष्ट्रीय खो-खो चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ के मीडिया प्रभारी प्यार चंद सकलानी ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रायल में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए कुछ आवश्यक मापदंड निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिन खिलाड़ियों की आयु 30 नवंबर 2026 तक 18 वर्ष से कम होगी, वे चयन प्रक्रिया में भाग लेने के पात्र होंगे। इसके अतिरिक्त खिलाड़ियों की लंबाई, आयु और वजन का निर्धारित इंडेक्स 250 से अधिक नहीं होना चाहिए। ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का हिमाचल प्रदेश का स्थायी निवासी होना भी अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि निर्धारित मापदंड पूरे करने वाले इच्छुक खिलाड़ी ट्रायल में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। सभी खिलाड़ियों को ट्रायल के दौरान अपने साथ मूल आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा, ताकि उनकी पहचान एवं पात्रता का सत्यापन किया जा सके।
प्यार चंद सकलानी ने बताया कि चयनित खिलाड़ी 21 से 25 नवंबर 2026 तक गुजरात के वडोदरा स्थित पारुल यूनिवर्सिटी में आयोजित होने वाली 45वीं जूनियर राष्ट्रीय खो-खो चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें भाग लेंगी, जहां हिमाचल प्रदेश की जूनियर लड़के एवं लड़कियों की टीमें प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उन्होंने प्रदेश के सभी पात्र खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे निर्धारित तिथि और स्थान पर पहुंचकर ट्रायल में भाग लें। उन्होंने कहा कि खो-खो जैसे पारंपरिक खेलों में प्रदेश की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए खिलाड़ियों को ऐसे अवसरों का पूरा लाभ उठाना चाहिए।