
संपूर्णानगर थाना क्षेत्र में युवक की निर्मम हत्या, खेत के चकरोड पर मिला गला कटा शव
पत्नी के लापता होने की भी चर्चा, प्रेम प्रसंग समेत कई पहलुओं पर जताई जा रही आशंका
लखीमपुर खीरी। संपूर्णानगर थाना क्षेत्र के ग्राम घोला के निषादनगर में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब करीब 30 वर्षीय युवक का शव खेत की ओर जाने वाले चकरोड पर पड़ा मिला। मृतक की पहचान हरेन्द्र पुत्र पन्ना लाल निवासी निषादनगर घोला के रूप में हुई है।
पुलिस को सूचना मिली कि निषादनगर निवासी हरेन्द्र का शव खेत की तरफ जाने वाले चकरोड पर पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवक की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या की गई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर शांति व्यवस्था सामान्य है।
वहीं, स्थानीय स्तर पर मृतक की पत्नी के लापता होने की चर्चा भी सामने आ रही है। सूत्रों के हवाले से मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर भी देखा जा रहा है, हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
#highlightseveryone #paliakalan #followers #news #highlights #मैलानी #Mailani #dudhwa #viral