
साइबर ठगी के 9 महीने बाद वापस मिले ₹30 हजार, रेवती पुलिस ने लौटाई पीड़ित की पूरी रकम
बलिया। साइबर ठगी के शिकार युवक को रेवती पुलिस और साइबर टीम की प्रभावी कार्रवाई से बड़ी राहत मिली है। पुलिस ने साइबर अपराधियों द्वारा ठगे गए ₹30,000 की पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी।
रेवती थाना क्षेत्र के श्रीकांतपुर निवासी ऋषभ कुमार प्रसाद के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) खाते से 23 नवंबर 2025 को अज्ञात साइबर अपराधियों ने दो बार में ₹10,000 और ₹20,000, कुल ₹30,000 की ऑनलाइन ठगी कर ली थी। पीड़ित ने मामले की शिकायत NCRP पोर्टल पर दर्ज कराई थी।
पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी)/नोडल साइबर सेल संजय वर्मा के पर्यवेक्षण में रेवती पुलिस और साइबर टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई की। संबंधित बैंक और नोडल अधिकारियों से पत्राचार कर ठगी की रकम को SBI के फ्रॉड खाते में होल्ड कराया गया।
इसके बाद NCRP पोर्टल और साइबर सेल के लगातार प्रयासों से पीड़ित ऋषभ कुमार प्रसाद के खाते में ठगी की पूरी ₹30,000 की धनराशि सफलतापूर्वक रिफंड करा दी गई।
रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने बलिया पुलिस और रेवती पुलिस टीम का आभार जताते हुए पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
बलिया पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर यह संदेश सामने आया है कि साइबर ठगी के बाद समय रहते शिकायत करना बेहद जरूरी है। तत्काल शिकायत मिलने पर पुलिस ठगी की रकम को होल्ड कराने और उसे वापस दिलाने की कार्रवाई कर सकती है।
#बलिया_पुलिस
#रेवती_पुलिस
#साइबर_फ्रॉड
#साइबर_क्राइम
#CyberAwareness