
खटिया पर सो रहे 10 वर्षीय छात्र को जहरीले सांप ने काटा, उपचार के दौरान मौत
मनपुरा। शिवपुरी जिले के ग्राम मनपुरा में बीती रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। कक्षा 5वीं में पढ़ने वाले 10 वर्षीय मयंक परिहार, पुत्र अजय परिहार, की जहरीले सांप के काटने के बाद मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मयंक रोज की तरह रात में अपनी खटिया पर सो रहा था। रात करीब 2 बजे एक जहरीला सांप उसके बिस्तर में पहुंच गया और बच्चे को कथित तौर पर कई बार काट लिया। मयंक ने तुरंत अपनी मां को बताया कि उसे बिस्तर में किसी चीज ने काट लिया है। परिजनों ने जब बिस्तर देखा तो उसमें काला सांप मौजूद था।
परिजन तत्काल मयंक को मनपुरा अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में न तो डॉक्टर उपलब्ध थे और न ही समय पर आवश्यक उपचार मिल सका। उनका कहना है कि गांव के अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं लंबे समय से चिंताजनक स्थिति में हैं।
इसके बाद परिजन मयंक को जिला अस्पताल शिवपुरी लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे आगे रेफर किया गया, जिसके बाद परिजन उसे ग्वालियर लेकर पहुंचे। उपचार के दौरान डॉक्टरों ने बच्चे को बचाने में असमर्थता जताई।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं भौंती थाना पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मनपुरा अस्पताल की व्यवस्था पर उठे सवाल
इस दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों ने मनपुरा अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल में नियमित डॉक्टर, आवश्यक दवाइयां और आपातकालीन उपचार की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि गंभीर स्थिति में मरीजों को तत्काल प्राथमिक उपचार मिल सके।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से मनपुरा अस्पताल में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है।
रिपोर्ट: राम मनोहर मिश्रा
P.NEWZ INDIA