
#मध्यप्रदेश के पाटन से वरिष्ठ #BJP विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई ने प्रदेश में सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर अपनी ही सरकार पर सवाल उठाए हैं। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक अखबार की रिपोर्ट साझा करते हुए विश्नोई ने कहा कि PWD और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़कों की हालत लगभग एक जैसी खराब है। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों से परेशान जनता सरकार को कोसती है और स्थानीय विधायक को जवाबदेह ठहराती है। विश्नोई के मुताबिक, उन्होंने सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए सरकार को कई बार पत्र लिखकर ध्यान आकर्षित किया है।
विश्नोई ने शाहपुरा-पाटन क्षेत्र में सड़कों और पुलों के क्षतिग्रस्त होने का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि प्रमुख मार्गों के बंद या खराब होने के कारण भारी वाहनों का दबाव ऐसे वैकल्पिक रास्तों पर बढ़ गया है, जो इतने ट्रैफिक के लिए तैयार नहीं हैं। इससे सड़कों की हालत और बिगड़ रही है और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सड़क निर्माण व्यवस्था में भ्रष्टाचार बढ़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि ठेकेदार कम दर पर काम लेने के बाद मुनाफे और अधिकारियों को कथित रूप से दिए जाने वाले हिस्से को निकालते हैं, जिसके बाद घटिया गुणवत्ता का निर्माण होता है।
वरिष्ठ विधायक ने सड़कों की खराब हालत को लेकर सरकार और #PWD को फटकार लगाने पर हाई कोर्ट का आभार जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की। इससे पहले भी विश्नोई शाहपुरा रेलवे ओवरब्रिज की मरम्मत में देरी और जबलपुर-पाटन सड़क के चौड़ीकरण को प्राथमिकता नहीं दिए जाने पर सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने सड़क निर्माण और रखरखाव की व्यवस्था में सुधार के साथ बेहतर गुणवत्ता वाला इंफ्रास्ट्रक्चर सुनिश्चित करने की मांग की है।
#breakingnewswala #MPNews #BNWTV