गया में ऑपरेशन यात्री सुरक्षा में बड़ी सफलता: गया स्टेशन पर चोरी के मोबाइल के साथ शातिर चोर गिरफ्तार, 15 हजार का मोबाइल बरामद
गया: रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और रेलवे परिसरों में बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे "ऑपरेशन यात्री सुरक्षा" के तहत रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) गया को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है।
संयुक्त अभियान के दौरान गया रेलवे स्टेशन से एक युवक को चोरी के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है। मंगलवार को रेल सुरक्षा बल पोस्ट गया के स0उ0नि0 पवन कुमार के नेतृत्व में प्रा0 आरक्षी संजय कुमार राय, आरक्षी अनिल कुमार, आरक्षी राकेश कुमार सिंह, आरक्षी शशि शेखर तथा आरक्षी अमित कुमार की टीम स्टेशन परिसर में गश्त कर रही थी। इस दौरान सीपीडीएस टीम के उ0नि0 मुकेश कुमार एवं उनकी टीम, अपराध आसूचना शाखा गया के प्रा0आरक्षी सर्वजीत राय तथा जीआरपी गया के जवान भी संयुक्त रूप से अभियान में शामिल थे।
गश्त के क्रम में टीम की नजर प्लेटफॉर्म संख्या 1सी के दिल्ली छोर स्थित यात्री शेड में खड़े एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर सुरक्षा बल के जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने अपना नाम नीरज कुमार (24 वर्ष), पिता स्वर्गीय नरेश साहनी, निवासी परसा बाजार, न्यू नथुपुर, थाना परसा बाजार, जिला पटना (बिहार) बताया।
संदेह के आधार पर जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके जींस पैंट के दाहिने पॉकेट से बैंगनी रंग का एक रियलमी कंपनी का स्क्रीन टच मोबाइल फोन बरामद हुआ। मोबाइल में कोई सिम कार्ड नहीं था, लेकिन वह चालू अवस्था में था और उस पर स्क्रीन लॉक लगा हुआ था। बरामद मोबाइल के संबंध में पूछताछ करने पर युवक ने स्वीकार किया कि उसने गया रेलवे स्टेशन पर किसी अज्ञात यात्री का मोबाइल चोरी किया था।
इसके बाद स0उ0नि0 पवन कुमार द्वारा मौके पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आगे की कार्रवाई के लिए उसे बरामद मोबाइल के साथ जीआरपी थाना गया को सौंप दिया गया। इस संबंध में स0उ0नि0 पवन कुमार के लिखित शिकायत पत्र के आधार पर जीआरपी थाना गया में कांड संख्या 161/2026, दिनांक 16 जून 2026, अंतर्गत धारा 317(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरपीएफ रेलवे थाना अध्यक्ष बनारसी यादव ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान की रक्षा के लिए रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
#LatestNews
#गयाजी
#gaya
#GayaTown
#gayabihar
Gaya Town CD Block, Gaya | Jun 16, 2026