कांग्रेस की ग्रामीण जिला कमेटी की बैठक आयोजित, अनिरूद्ध चौधरी ने विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरा
आईटी सेल के निशाने पर छात्र, ज्यादती बर्दाश्त नहीं करेगी कांग्रेस : अनिरूद्ध चौधरी
कॉमनवेल्थ में मुक्केबाजों के प्रदर्शन के बाद क्यूबा का नाम बदलकर रख देना चाहिए भिवानी : अनिरूद्ध
बीमा प्रीमियम कटने के बावजूद भटक रहे किसान, सरकार तय करे जवाबदेही : अनिरूद्ध चौधरी
भिवानी, 03 अगस्त : कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरूद्ध चौधरी ने भाजपा सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज हर वर्ग सरकार की गलत नीतियों के कारण सडक़ों पर उतरने को मजबूर है। चाहे वह अपने हक की आवाज उठाने वाले छात्र हों, अपनी गाढ़ी कमाई का प्रीमियम भरने के बावजूद राहत को तरस रहे किसान हों या फिर भारी मानसिक दबाव झेल रहे कर्मचारी। अनिरूद्ध चौधरी सोमवार को भिवानी स्थित अपने कार्यालय में ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक के दौरान पिछले माह आयोजित सांगठनिक कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा आगामी महीने में किए जाने वाले कार्यों की रूपरेखा तैयार की गई। इस अवसर पर हाल ही में चल रहे एसआईआर अभियान को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सक्रियता और भावी रणनीति पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
देशभर में जारी छात्र आंदोलनों और उनकी समस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए अनिरूद्ध चौधरी ने कहा कि पूरे देश के विद्यार्थियों ने एकजुट होकर आंदोलन किया था। आज सवाल यह है कि क्या विद्यार्थियों की समस्याएं वाकई खत्म हुई हैं या अब और बढ़ गई हैं। जिस तरह से सत्ता पक्ष का आईटी सेल आवाज उठाने वाले बच्चों को टारगेट कर रहा है, वह बेहद निंदनीय है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अपने बेहतर भविष्य और संवैधानिक अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले किसी भी छात्र पर यदि अत्याचार या ज्यादती हुई, तो कांग्रेस पार्टी इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक और प्रशासनिक स्थिति पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि यदि सरकार अपनी जिम्मेदारियों को सही तरीके से निभाती और सभी वर्गों के हित में निर्णय लेती तो आज किसी को भी सडक़ों पर प्रदर्शन करने की आवश्यकता नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों पर आज अत्यधिक प्रशासनिक और मानसिक दबाव बनाया जा रहा है, जिसकी मुख्य वजह भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियां और गलत फैसले हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से एक विशेष प्रस्ताव पारित कर राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले भिवानी के खिलाडिय़ों को बधाई दी गई। अनिरूद्ध चौधरी ने कहा कि भिवानी के बेटे-बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक जीतकर एक बार फिर पूरे विश्व में जिले का नाम रोशन किया है। मुक्केबाजों के प्रदर्शन पर गर्व जताते हुए उन्होंने कहा कि खेलों को राजनीति से पूरी तरह दूर रखा जाना चाहिए। भिवानी के मुक्केबाजों ने जिस खेल भावना और प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, उसे देखते हुए अब भिवानी को मिनी क्यूबा कहना भी कम है, बल्कि क्यूबा का नाम बदलकर ही भिवानी रख दिया जाना चाहिए।
किसानों की फसल बीमा से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष ने कहा कि हजारों किसानों के खातों से बीमा प्रीमियम की राशि तो काट ली गई, लेकिन वह पैसा बीमा कंपनियों तक समय पर पहुंचा या नहीं, इसमें किसानों का कोई दोष नहीं है। उन्होंने मांग की कि जिस भी किसान के खाते से प्रीमियम का पैसा कटा है, उसे फसल नुकसान का पूरा मुआवजा मिलना चाहिए। इसकी भरपाई सरकार, संबंधित बैंक और बीमा कंपनियां मिलकर करें। उन्होंने ऐलान किया कि किसानों को उनका हक दिलाने और इस पूरे मामले में जवाबदेही तय कराने के लिए कांग्रेस हर स्तर पर सडक़ से संसद तक लड़ाई लडऩे को तैयार है।