अयोध्या की तर्ज पर रामगढ़ में साकार हो रही भव्य श्रीराम मंदिर की परिकल्पना
छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहर रामगढ़ को नई पहचान देने की दिशा में सरगुजा जिले के उदयपुर स्थित रामगढ़ में अयोध्या के भव्य श्रीराम मंदिर की तर्ज पर मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने निर्माणाधीन मंदिर का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
यह मंदिर क्षेत्रवासियों की आस्था और वर्षों पुरानी आकांक्षाओं का प्रतीक बनेगा। साथ ही रामगढ़ की धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई मिलेगी। मंदिर निर्माण से श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ स्थानीय रोजगार, व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
रामगढ़ की सीताबेंगरा और जोगीमारा गुफाओं जैसी ऐतिहासिक धरोहरों तथा प्राकृतिक सौंदर्य के साथ यह क्षेत्र धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होने की संभावनाएं रखता है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन सरकार प्रदेश की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। रामगढ़ को आस्था, इतिहास और पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
#SushasanSarkar #सुशासन_सरकार #Ramgarh #Surguja #ShriRamMandir #ChhattisgarhTourism #VishnuDeoSai
Surguja, Chhattisgarh | Nov 23, 2026