*कलेक्टर ने टीएल बैठक में की समीक्षा, जन विश्वास शिविरों को प्रभावी बनाने दिए निर्देश*
-------------------
कलेक्टर ऊषा परमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई टीएल बैठक के अवसर पर विभागवार लंबित सीएम हेल्पलाइन, टीएल और जनसुनवाई पत्रों की समीक्षा हुई। इस मौके पर विभागीय अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन की 100 दिवस से अधिक अवधि की लंबित शिकायतों के तत्परतापूर्वक निराकरण सहित अनिवार्यतः एल वन स्तर पर अपेक्षित कार्यवाही के निर्देश दिए गए। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत नागरिक सेवाओं के समय पर प्रदाय तथा आगामी मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शिविरों को प्रभावी बनाने के लिए निर्देशित किया गया। जिला कलेक्टर द्वारा न्यायालयीन प्रकरणों सहित विभागवार भूमि आवंटन मामलों, वन विभाग से संबंधित विषयों के निराकरण और सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों सहित शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं से संबंधित विषयों की भी समीक्षा की गई।
टीएल बैठक में रूंज एवं मझगांय मध्यम सिंचाई परियोजना के विस्थापित परिवारों के बेहतर पुनर्वास और शेष पात्र ग्रामवासियों को अतिरिक्त मुआवजा राशि वितरण की जानकारी प्राप्त कर अविलंब आवश्यक कार्यवाही के लिए कहा। उन्होंने कहा कि नवीन बसाहट स्थल पर स्कूल एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए जरूरी प्रयास किया जाए। संबंधित विभाग के अधिकारी प्रभावित लोगों के सतत संपर्क में रहकर उनकी समस्याओं का समुचित निराकरण करें। एक स्थल पर ही सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाकर शेष पात्र परिवारों के दस्तावेज एवं बैंक खाता संबंधी जानकारी त्वरित रूप से प्राप्त की जाए। इस संबंध में राजस्व एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से गत 15 दिवस में हुई कार्रवाई की जानकारी भी ली। बैठक में अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे एवं एसडीएम संजय कुमार नागवंशी सहित अन्य विभागीय अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
Panna, Panna | Oct 12, 2026